धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के तहत पात्र मतदाताओं से दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने के लिए जिले के सभी मतदान केंद्रों पर दो चरणों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार यह अभियान मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए दावा एवं आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
इस दौरान 8 एवं 9 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर पहला विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा, जबकि 22 एवं 23 अगस्त को दूसरा विशेष कैंप लगाया जाएगा। इन शिविरों में मतदाता फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से आवश्यक आवेदन जमा कर सकेंगे।
इसके अलावा 15 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक सभी पंचायत भवनों में ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। वहीं 25 अगस्त से 4 सितंबर तक मतदान केंद्र क्षेत्रों में होम-टू-रोल वेरिफिकेशन अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो या उसने फॉर्म-6 जमा कर दिया हो।
अभियान के दौरान जिन मतदाताओं का नाम गलत मतदान केंद्र पर दर्ज है, उन्हें फॉर्म-8 के माध्यम से सही मतदान केंद्र पर स्थानांतरण कराने का अवसर मिलेगा। साथ ही झारखंड से बाहर के राज्यों, जैसे बिहार एवं पश्चिम बंगाल, में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान दर्ज परिवारों के सदस्य भी आवश्यक घोषणा पत्र के साथ फॉर्म-8 के माध्यम से अपना नाम दर्ज करा सकेंगे।
प्रशासन ने बताया कि 4 सितंबर 2026 तक सभी घरों पर ‘फैमिली टुगेदर’ स्टीकर भी लगाया जाएगा, ताकि परिवार के सभी पात्र मतदाताओं का नाम एक साथ मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जा सके।
















