देवघर: राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार सघन जांच अभियान चला रहा है। बुधवार को उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर मेला क्षेत्र में पेड़ा दुकानों, होटलों और भोजनालयों की विशेष जांच की गई। इस दौरान मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब की सहायता से 45 पेड़ा नमूनों की जांच की गई, जिनमें 42 नमूने मानकों के अनुरूप पाए गए, जबकि 3 नमूने संदिग्ध मिले।
जांच के दौरान 42.5 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा को मौके पर ही नष्ट कराया गया। वहीं, खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर गंगा साह पेड़ा भंडार, श्री गंगा साह पेड़ा भंडार और शिव होटल एंड रेस्टोरेंट पर 2-2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 का सख्ती से पालन करने, गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल का उपयोग करने तथा खोवा, पेड़ा और पनीर की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि मेला क्षेत्र में मिलावटी या असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ लाइसेंस रद्द करने सहित कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को देखते हुए श्रावणी मेला समाप्त होने तक यह विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
















