साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज जिले में रेलवे मार्ग से अवैध शराब तस्करी का एक अनोखा मामला सामने आया है। तस्करों ने इस बार हावड़ा-गया एक्सप्रेस (13023) ट्रेन में गुप्त तहखाना बनाकर उसमें बीयर के कैन छिपा दिए थे। हालांकि, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता से उनकी यह चाल नाकाम हो गई और पूरे माल को बरामद कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बरहड़वा आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि हावड़ा-गया एक्सप्रेस के माध्यम से अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम ने ट्रेन की सघन तलाशी अभियान शुरू किया। जांच के दौरान ट्रेन में बनाए गए एक गुप्त तहखाने का पता चला, जहां से बीयर के 40 कैन बरामद किए गए।
आरपीएफ के अनुसार, बरामद बीयर की अनुमानित कीमत करीब 6 हजार रुपये है। पूरी खेप को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि बीयर किसने छिपाई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
रेलवे सुरक्षा बल ने बताया कि मामले में तस्करों के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। साथ ही रेलवे मार्ग से होने वाली अवैध शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए आगे भी विशेष निगरानी और सघन जांच अभियान जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
















