, ,

रविवार से झरिया में नियमित होगी पेयजल आपूर्ति, लापरवाही बर्दाश्त नहीं : मेयर संजीव सिंह

JP Bharat Shareधनबाद: झरिया में लंबे समय से प्रभावित पेयजल आपूर्ति को लेकर धनबाद नगर निगम के महापौर संजीव सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने झमाडा जल संयंत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में जलापूर्ति व्यवस्था में आ रही तकनीकी समस्याओं, लंबित कार्यों और पेयजल आपूर्ति को सुचारू…

JP Bharat Share

धनबाद: झरिया में लंबे समय से प्रभावित पेयजल आपूर्ति को लेकर धनबाद नगर निगम के महापौर संजीव सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने झमाडा जल संयंत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में जलापूर्ति व्यवस्था में आ रही तकनीकी समस्याओं, लंबित कार्यों और पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की गई।

मेयर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि झरिया की जनता को जल्द से जल्द नियमित और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सीएलएफ की सफाई के लिए तत्काल विशेष टीम गठित करने तथा फुटवॉल्व को प्राथमिकता के आधार पर असेंबल कर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि झरिया की जनता को पानी के लिए परेशान होना स्वीकार्य नहीं है। पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ युद्धस्तर पर काम कर लोगों को जल्द राहत पहुंचाने का निर्देश दिया।

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि इंटेकवेल किसी भी परिस्थिति में खराब नहीं होना चाहिए। जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तकनीकी तैयारियां पहले से सुनिश्चित की जाएं, ताकि भविष्य में किसी तकनीकी खराबी के कारण बड़े क्षेत्र में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो।

रविवार से निरंतर जलापूर्ति का लक्ष्य

बैठक के दौरान झमाडा के एमडी प्रेम कुमार तिवारी ने मेयर को बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने से कुछ तकनीकी परेशानियां उत्पन्न हुई हैं। उन्होंने जानकारी दी कि शनिवार तक फुटवॉल्व को असेंबल कर लिया जाएगा और रविवार से झरिया में निरंतर पेयजल आपूर्ति शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

एमडी ने यह भी आश्वासन दिया कि कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए आवश्यक कदम तेजी से उठाए जा रहे हैं।

स्थायी समाधान पर भी जोर

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि तत्काल पेयजल आपूर्ति बहाल करना जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही झरिया की जलापूर्ति व्यवस्था का स्थायी समाधान भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को तकनीकी खामियों को चिन्हित कर उनके स्थायी निराकरण की दिशा में काम करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि केवल अस्थायी व्यवस्था कर जिम्मेदारी पूरी नहीं मानी जाएगी। झरिया की जलापूर्ति व्यवस्था को इस तरह मजबूत किया जाना चाहिए कि भविष्य में लोगों को बार-बार पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।

बैठक में जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक बिंदुओं पर चर्चा हुई और संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में झमाडा एमडी प्रेम कुमार तिवारी, सचिव प्रकाश रजक, तकनीकी प्रमुख मयंक भगत, एसडीओ सचिन झा, झरिया एसडीओ कृपा शंकर, पीएमसी के एल.डी. त्रिपाठी, कल्पतरु कंपनी के सुशील कुमार तथा विधायक प्रतिनिधि (झमाडा) राजकिशोर जेना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports