धनबाद/झरिया: सुदामडीह थाना बस्ती के पास सड़क काटे जाने से स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी का धनबाद के महापौर संजीव सिंह ने संज्ञान लिया। महापौर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क कट जाने के कारण रोजाना आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने बीसीसीएल के संबंधित महाप्रबंधक से बातचीत की और सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त कर आवागमन बहाल करने का निर्देश दिया।
महापौर ने कहा कि विकास और औद्योगिक कार्य जरूरी हैं, लेकिन इसके कारण आम जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जब तक सड़क की स्थायी मरम्मत पूरी नहीं होती, तब तक लोगों के लिए वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने कहा कि स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की सुविधा को प्राथमिकता देना जरूरी है। किसी भी निर्माण या अन्य कार्य के दौरान लोगों की आवाजाही बाधित होने पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
महापौर की पहल के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क की समस्या का जल्द समाधान होने की उम्मीद जताई। अधिकारियों को भी मामले में शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया है।
















