धनबाद: भारतीय मजदूर संघ (BMS) के आह्वान पर 17 अगस्त 2026 को देशभर में विरोध दिवस मनाया जाएगा। इसी कड़ी में धनबाद जिला मुख्यालय पर भी श्रमिक संगठनों की ओर से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन में विभिन्न यूनियनों के कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
आंदोलन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को हीरापुर स्थित विश्वकर्मा भवन में BMS की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अशोक राय ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री धर्मजीत चौधरी ने किया।
बैठक में श्रमिकों से जुड़ी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन की रणनीति पर चर्चा हुई। संगठन की प्रमुख मांगों में न्यूनतम वेतन ₹30 हजार प्रतिमाह करने, ESIC की वेतन सीमा ₹21 हजार से बढ़ाकर ₹42 हजार करने और न्यूनतम EPS पेंशन ₹7,500 के साथ DA एवं चिकित्सा सुविधा देने की मांग शामिल है।
इसके अलावा EPF वेतन सीमा ₹15 हजार से बढ़ाकर ₹30 हजार करने, बोनस सीमा में बढ़ोतरी, योजना श्रमिकों के मानदेय में वृद्धि, समान काम के लिए समान वेतन और श्रम संहिताओं के श्रमिक-विरोधी प्रावधानों को हटाने की मांग भी रखी गई है।
BMS ने ग्रेच्युटी की सीमा ₹40 लाख करने तथा बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने समेत अन्य मांगों को भी आंदोलन में शामिल किया है।
बैठक में धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ, डाक कर्मचारी संघ, ग्रामीण डाक सेवक कर्मचारी संघ, भवन निर्माण कर्मचारी संघ, आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ, 108 एंबुलेंस कर्मचारी संघ और सुरक्षा प्रहरी कर्मचारी संघ सहित विभिन्न संगठनों की भागीदारी को लेकर चर्चा हुई।
पदाधिकारियों ने 17 अगस्त के प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। बैठक में मुरारी तांती, उमेश सिंह, ओम कुमार सिंह, मनोज कुमार, प्रह्लाद दुबे, कमल कुमार, प्रभाकर चौधरी समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















