धनबाद: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के रंगाबांध के पास शुक्रवार को जीटी रोड पर बड़ा सड़क हादसा हुआ। राजस्थान के चित्तौड़ से कोलकाता जा रहा करीब 40 टन एसिड लदा टैंकर एक एलपी ट्रक को बचाने के दौरान अनियंत्रित होकर दिल्ली लेन में पलट गया।
हादसे में टैंकर चालक तेज सिंह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया। टैंकर के पलटने के बाद एसिड का रिसाव शुरू हो गया। इसी दौरान घटनास्थल पर वीडियो बना रहा एक युवक फिसलकर एसिड की चपेट में आ गया, जिससे वह भी घायल हो गया।
दुर्घटना के कारण दिल्ली लेन पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने के बाद गोविंदपुर पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
टैंकर को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है। एसिड रिसाव को देखते हुए मौके पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। हादसे के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
















