धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 8 और 9 अगस्त को विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। कैंप की व्यवस्थाओं और चल रही गतिविधियों का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने शनिवार को कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं मतदान कर्मियों से कैंप में प्राप्त हो रहे दावे और आपत्तियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत पहला विशेष कैंप 8-9 अगस्त और दूसरा कैंप 22-23 अगस्त को आयोजित होगा। मतदाता सूची से संबंधित दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 4 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
उपायुक्त ने बताया कि जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है या जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे, वे मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 और आवश्यक घोषणा पत्र भर सकते हैं।
इसके अलावा यदि किसी परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं या वर्तमान मतदान केंद्र घर से काफी दूर है, तो संबंधित मतदाता फॉर्म-8 के माध्यम से आवश्यक सुधार और स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घर बैठे भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ECINET App, voters.eci.gov.in अथवा ceo.jharkhand.gov.in का उपयोग किया जा सकता है। किसी तरह की जानकारी या सहायता के लिए आयोग के टोल-फ्री नंबर 18003311950 या वोटर हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 15 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक सभी पंचायत भवनों में ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। वहीं, 25 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक मतदान केंद्र क्षेत्रों में होम-टू-रोल वेरिफिकेशन के जरिए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, स्थानांतरण तथा परिवार के सदस्यों को एक ही मतदान केंद्र पर लाने से संबंधित अभियान चलाया जाएगा।
















