धनबाद: सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स को लेकर चर्चा में रहने वाले सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आर्यन केल्विन रविवार, 6 सितंबर को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में अपने फॉलोअर्स से रूबरू होंगे। यहां फैन मीट-अप कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें धनबाद के अलावा झारखंड के अलग-अलग हिस्सों से उनके प्रशंसकों के पहुंचने की उम्मीद है।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा। फैन मीट-अप शाम 4 बजे से 7 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर आर्यन के फॉलोअर्स में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
आर्यन ने रविवार को एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फैन मीट-अप का मुख्य उद्देश्य अपने प्रशंसकों से आमने-सामने बातचीत करना और सोशल मीडिया की अपनी यात्रा एवं अनुभवों को उनके साथ साझा करना है।
कार्यक्रम के दौरान आर्यन अपने शून्य से शुरुआत कर 25 मिलियन फॉलोअर्स तक पहुंचने के सफर के बारे में भी बात करेंगे। वह सोशल मीडिया की दुनिया में अपने अनुभवों और इस क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों को लेकर भी युवाओं से संवाद करेंगे।
इसके अलावा कार्यक्रम में आर्यन युवाओं को मोटिवेशनल स्पीच भी देंगे। सोशल मीडिया को करियर के तौर पर अपनाने, लगातार मेहनत करने और मुश्किल परिस्थितियों में आगे बढ़ने को लेकर वह अपने अनुभव साझा करेंगे।
आयोजकों को उम्मीद है कि आर्यन की सफलता की कहानी और उनके अनुभव युवाओं को प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम में उनके प्रशंसकों की बड़ी संख्या में भागीदारी की संभावना जताई जा रही है।
















