बिहार: दिल्ली-हावड़ा रेलखंड पर रविवार तड़के महानंदा एक्सप्रेस (15483) दुर्घटना का शिकार हो गई। अलीपुरद्वार से दिल्ली जा रही ट्रेन का इंजन और उसके पीछे लगे तीन कोच आरा जंक्शन के पास पटरी से उतर गए। घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया गया कि हादसा सुबह करीब 4:10 बजे हुआ। पटरी से उतरने वाले कोचों में इंजन के ठीक पीछे लगे जनरल डिब्बे शामिल थे। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव व सुरक्षा संबंधी कार्रवाई शुरू की।
पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में किसी यात्री के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है। रेलवे की टीम ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।
हादसे के चलते दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेलमार्ग पर कुछ समय के लिए रेल परिचालन प्रभावित हुआ। रेलवे की ओर से प्रभावित डिब्बों को अलग करने और ट्रैक की जांच का काम किया गया। इसके बाद सुबह 7:23 बजे महानंदा एक्सप्रेस को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।
रेलवे ने ट्रैक को क्लीयर करने के बाद परिचालन सामान्य कर दिया है। वहीं, ट्रेन के पटरी से उतरने के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही हादसे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
















