हाजीपुर: पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने 5 सितंबर 2026 को सोनपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल संरक्षा, यात्री सुविधाओं और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने शाहपुर पटोरी, बरौनी, मानसी और काढ़ागोला रोड स्टेशनों का दौरा किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया, पैनल रूम, स्टेशन मास्टर कक्ष और साफ-सफाई से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
स्टेशन परिसरों के विकास और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर देते हुए उन्होंने अधिकारियों को टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण फ्लोरिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं और निर्माण में गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता न हो।
निरीक्षण के अंतिम चरण में महाप्रबंधक मोकामा पहुंचे, जहां उन्होंने राजेंद्र पुल के समानांतर निर्मित नए रेल पुल का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान 21 सितंबर से प्रस्तावित नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
NI कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए दानापुर और सोनपुर मंडल की संयुक्त टीमों के साथ संबंधित एजेंसियों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को कार्य के दौरान सुरक्षा और समन्वय को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण कार्यक्रम में सोनपुर मंडल के DRM अमित सरन, मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और मंडल के अन्य रेल अधिकारी मौजूद रहे। महाप्रबंधक के इस निरीक्षण को रेल परिचालन की सुरक्षा, स्टेशन विकास और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
















