धनबाद: धनबाद क्रिकेट संघ (DCA) के तत्वावधान में रणधीर वर्मा स्टेडियम स्थित संघ कार्यालय में शुक्रवार से तीन दिवसीय अंपायरिंग एवं स्कोरिंग वर्कशॉप शुरू हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन DCA और JSCA के पदाधिकारियों व पूर्व क्रिकेटर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
वर्कशॉप के उद्देश्य पर DCA महासचिव विनय कुमार सिंह ने कहा कि क्रिकेट खेलने के अलावा अंपायरिंग और स्कोरिंग में भी युवाओं के लिए बेहतर करियर के अवसर हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही JSCA की ओर से अंपायरिंग सेमिनार आयोजित किया जाएगा। DCA का प्रयास है कि धनबाद के अधिक से अधिक प्रतिभागी आगामी परीक्षा और सेमिनार में सफलता हासिल करें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 25 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। स्टेट पैनल अंपायर नीरज पाठक और ओमप्रकाश राय क्रिकेट के नियमों और बाई-लॉज की जानकारी दे रहे हैं। वहीं दीपक कुमार और ज्ञान रंजन स्कोरिंग से जुड़ी तकनीकी बारीकियां सिखा रहे हैं।
वर्कशॉप के दौरान प्रतिभागियों को अंपायरिंग के नियमों के साथ मैदान पर निर्णय लेने और स्कोरिंग की व्यावहारिक जानकारी भी दी जा रही है। प्रशिक्षण के अंतिम दिन प्रतिभागियों के मूल्यांकन के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी।
















