धनबाद (कतरास): श्री श्री सार्वजनिक गणेश पूजा समिति, पुराना बिजली ऑफिस कतरास बाजार की ओर से इस वर्ष भी गणेश पूजा उत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। पूजा पंडाल को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया था। भगवान गणेश के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) धनबाद महानगर के जिलाध्यक्ष नित्यानंद मंडल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन स्थल पर पहुंचने पर पूजा समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय युवाओं ने उनका स्वागत किया। समिति की ओर से उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
नित्यानंद मंडल ने समिति को दी बधाई
अपने संबोधन में नित्यानंद मंडल ने पूजा समिति को सफल और व्यवस्थित आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में आपसी एकता, भाईचारे और सकारात्मक माहौल को बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने भगवान श्री गणेश से धनबाद और कतरास क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान कतरास बाजार क्षेत्र भगवान गणेश के जयकारों से गूंजता रहा। आयोजन को सफल बनाने और श्रद्धालुओं की व्यवस्था संभालने में पूजा समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मौके पर शुभम बनर्जी, पूर्णनंदू श्रीवास्तव, रितेश, विष्णु गुप्ता, अमन सिन्हा, गौरव साहू, रोहित सिंह, मयंक चौरसिया और अंकित चौरसिया समेत कई सदस्य एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
















