कतरास: हिल टॉप हाई राइज कंपनी के मजदूरों और ड्राइवरों ने सोमवार को 103 दिनों के बकाया वेतन समेत अन्य मांगों को लेकर कंपनी के वाहनों को ले जाने से रोक दिया। मजदूरों ने कहा कि जब तक उनका बकाया भुगतान और अन्य मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आउटसोर्सिंग कंपनी के वाहनों को ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मजदूरों ने बताया कि उनका करीब 3 माह 13 दिन का वेतन, एचपीसी के तहत भुगतान, बोनस समेत अन्य मांगें लंबित हैं। इसी को लेकर मजदूरों में नाराजगी है।
प्रबंधन ने भुगतान का दिया आश्वासन
मौके पर मौजूद मुड़ीडीह कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी संतोष कुमार चौधरी ने कहा कि एनआईटी के तहत मजदूरों से संबंधित भुगतान कंपनी को करना होगा।
वहीं, कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि बकाया वेतन का भुगतान करने के लिए प्रबंधन तैयार है, लेकिन अन्य मांगों को पूरा करना कंपनी के लिए संभव नहीं है। प्रबंधन की ओर से काम के अलावा 15 दिनों के भुगतान की बात भी कही गई।
पुलिस और CISF की मौजूदगी में प्रदर्शन
स्थिति को देखते हुए लोयाबाद और जोगता थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए CISF के जवान भी तैनात रहे।
इस दौरान हिल टॉप कंपनी के बड़ी संख्या में मजदूर और ड्राइवर मौके पर जुटे रहे और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया।
















