रांची: रांची नगर निगम की ओर से शहर के अलग-अलग इलाकों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। मंगलवार को बायपास रोड स्थित डीपीएस स्कूल, सेल सैटेलाइट चौक से बिरसा चौक तक अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान अपने घर और दुकान हटते देख स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई। महिला, पुरुष और बच्चों ने अभियान का विरोध किया। बस्तीवासियों का आरोप है कि चुनाव के समय राजनीतिक दल उनसे वोट मांगते हैं, लेकिन चुनाव के बाद उनकी बस्तियों को हटाने की कार्रवाई की जाती है।
सड़क जाम कर जताया विरोध
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से नाराज लोगों ने बिरसा चौक से सैटेलाइट चौक के बीच सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। विरोध के कारण मौके पर कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
सूचना मिलने पर हटिया विधायक नवीन जायसवाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पर आपत्ति जताई और लंबे समय से रह रहे लोगों के पुनर्वास या नियमितीकरण की दिशा में सरकार से पहल करने की मांग की।
विधायक ने कहा कि सरकार को गरीब परिवारों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए मानवीय दृष्टिकोण से समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए।
















