धनबाद: जातीय जनगणना के प्रपत्र में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए अलग कॉलम शामिल करने की मांग को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी OBC विभाग की ओर से 16 सितंबर को रांची में राजभवन मार्च और ‘OBC हुंकार’ कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर सोमवार को धनबाद जिला कांग्रेस कार्यालय, हाउसिंग कॉलोनी में OBC विभाग की बैठक हुई।
बैठक की अध्यक्षता धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी OBC विभाग के जिलाध्यक्ष आसिफ राजा साहेब ने की। इस दौरान मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से राजभवन तक होने वाले मार्च में धनबाद से अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं, OBC समाज के प्रतिनिधियों और समर्थकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
रांची पहुंचने की बनाई रणनीति
बैठक में प्रदेश OBC विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार तैयारियों की समीक्षा की गई। विभिन्न क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को रांची ले जाने, संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपने और कार्यक्रम में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति तैयार की गई।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस कोऑर्डिनेशन कमेटी के सदस्य मदन महतो ने कहा कि जातीय जनगणना समाज के विभिन्न वर्गों की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक स्थिति से जुड़े आंकड़े सामने लाने का माध्यम है। उन्होंने OBC समाज की वास्तविक स्थिति से संबंधित प्रमाणिक आंकड़े उपलब्ध होने की आवश्यकता बताई।
प्रदेश सचिव राशिद राजा अंसारी ने कार्यकर्ताओं से 16 सितंबर को बड़ी संख्या में रांची पहुंचकर राजभवन मार्च और ‘OBC हुंकार’ कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
OBC के अधिकार और प्रतिनिधित्व का मुद्दा
जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष दिनेश यादव, गणपत महतो और जिला अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष जहीर अंसारी समेत अन्य वक्ताओं ने कहा कि OBC समाज की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और राजनीतिक स्थिति का सही आकलन नीतियां बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
वक्ताओं ने कहा कि जातीय जनगणना में OBC के लिए अलग कॉलम की मांग को वे सामाजिक न्याय, अधिकार और प्रतिनिधित्व से जुड़ा विषय मानते हैं। कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से इस मांग को व्यापक स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने 16 सितंबर के राजभवन मार्च और ‘OBC हुंकार’ कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में मदन महतो, राशिद राजा अंसारी, मनोज यादव, जहीर अंसारी, शंकर प्रजापति, गणपत महतो, दिनेश यादव, इरफान खान चौधरी, गोपाल कृष्ण चौधरी, प्रीतम रवानी, अरविंद कुमार सैनी, रमेश राय, लाली महतो, सिकंदर-ए-आजम, सच्चिदानंद यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















