धनबाद: धनसार थाना पुलिस ने युवती के निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने के आरोप में एक युवक को मोतिहारी में नेपाल बॉर्डर के समीप से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को धनबाद लेकर आई। न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली के अनुसार, थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती की इंस्टाग्राम के माध्यम से मोतिहारी निवासी युवक से पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के दौरान आरोपी के पास युवती के निजी फोटो और वीडियो पहुंच गए।
आरोप है कि इसके बाद युवक निजी तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती को परेशान करने लगा। मामले की शिकायत मिलने पर धनसार पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की।
जांच के दौरान पुलिस टीम मोतिहारी पहुंची और नेपाल बॉर्डर के समीप से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे धनबाद लाया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
















