पटना: बिहार में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। खासकर दक्षिण और मध्य बिहार में बादल छाने के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने मंगलवार को पटना समेत 19 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे के दौरान कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
22 सितंबर को भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, पटना, गया, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, बांका, मुंगेर, बेगूसराय, खगड़िया और भागलपुर में बारिश की संभावना जताई गई है।
23 सितंबर को राज्य में तापमान करीब 33 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 23 और 24 सितंबर को कुछ इलाकों में वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की है।
25 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 25 सितंबर को औरंगाबाद, बेगूसराय, पूर्वी चंपारण, गया, मुंगेर, समस्तीपुर, सीवान, वैशाली और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
बिहार में सामान्य से 37 फीसदी कम बारिश
मानसून सीजन के दौरान बिहार में अब तक करीब 589.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। सामान्य तौर पर इस अवधि में लगभग 931.9 मिलीमीटर बारिश होती है। इस हिसाब से राज्य में अब तक सामान्य से करीब 37 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।
















