धनबाद: धनसार थाना क्षेत्र के मनईटांड़ स्थित भगत जी मंदिर के पास बुधवार रात करीब 9:45 बजे हुए सड़क हादसे में 70 वर्षीय साइकिल सवार सुरेश चौरसिया की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि FCI के चावल से लदे ट्रक की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक डहुआटांड़ के कटिहार मार्केट के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
हादसे के बाद सड़क जाम, मुआवजे की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। इस दौरान कुछ ट्रकों में तोड़फोड़ किए जाने की भी सूचना है।
सूचना मिलने पर धनसार थाना समेत अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। मृतक के परिजन और स्थानीय लोग मुआवजे के साथ मृतक के आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे थे।
भारी वाहनों के आवागमन पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरमसिया FCI गोदाम से मनईटांड़ होते हुए जोड़ाफाटक तक कई जगह सड़क संकरी और भीड़भाड़ वाली है। इसके बावजूद शाम के समय भारी वाहनों का आवागमन जारी रहता है। लोगों का आरोप है कि इससे जाम और सड़क हादसों का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि FCI के ट्रकों से जुड़ी घटनाओं में यह तीसरी मौत है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
चावल की बोरियां गायब होने की भी सूचना
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ लोगों द्वारा ट्रक में लदी सरकारी चावल की बोरियां ले जाने की बात भी सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक में मौजूद चावल का एक हिस्सा गायब हुआ है।
पुलिस ने चावल ले जा रहे कुछ लोगों को पकड़े जाने की जानकारी दी है और मामले की जांच की जा रही है।
पूर्व मेयर भी पहुंचे घटनास्थल
घटना की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार सुबह कई स्थानीय लोग और समाजसेवी घटनास्थल पर पहुंचे। धनबाद के पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने भी मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को सहयोग का भरोसा दिलाया और मुआवजे समेत अन्य मांगों पर बातचीत की।
वहीं, कुंभनाथ सिंह की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल दाह संस्कार के लिए 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
मौके पर विवेक गुप्ता, पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, कुंभनाथ सिंह, मनोहर करमाली, धनसार थाना प्रभारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
















