मुर्शिदाबाद: बरन्या थाना क्षेत्र के कुली चौरस्ता स्थित बादशाही सड़क पर रविवार को तेज रफ्तार तेल टैंकर की टक्कर से मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मिनी ट्रक मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर पहुंच गया।
हादसे के वक्त घर में सो रहे थे तीन लोग
बताया गया कि हादसे के समय मकान के अंदर तीन लोग सो रहे थे। जोरदार आवाज सुनकर तीनों तत्काल बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई। हादसे में मिनी ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने क्रेन की मदद से हटाया वाहन
घटना की सूचना मिलने के बाद बरन्या थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त मिनी ट्रक को हटवाया, जिसके बाद सड़क पर यातायात सामान्य हुआ। हादसे के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
















