धनबाद: बैंक मोड़ स्थित सेंटर पॉइंट मॉल के द राइट ट्रेक ताइक्वांडो अकादमी में धनबाद जिला ताइक्वांडो संघ की ओर से बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट का आयोजन किया गया। इसमें जिले के अलग-अलग हिस्सों से करीब 80 बच्चों ने हिस्सा लिया और विभिन्न बेल्ट के लिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
छह खिलाड़ियों को मिला ब्लैक बेल्ट
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मानव अधिकार फोरम के प्रदेश अध्यक्ष सुदीष्ट सिंह ने खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र और बेल्ट प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान छह खिलाड़ियों को दक्षिण कोरिया की ओर से ब्लैक बेल्ट प्रदान किया गया। इनमें आराध्या पांडे, रितु कुमारी, उदय कुमार पंडित, सैयद फरहाद अंजुम और नाब्या शर्मा समेत अन्य खिलाड़ी शामिल रहे।
ग्रेडिंग टेस्ट में बच्चों ने येलो, ग्रीन, ग्रीन वन, ब्लू, ब्लू वन और रेड वन बेल्ट के लिए परीक्षा दी। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर कोच विशाल कुमार पंडित और भवानी कुमार चौहान ने उन्हें बधाई दी।
खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
कार्यक्रम में भारतीय ताइक्वांडो संघ के महासचिव प्रभात शर्मा, झारखंड ताइक्वांडो संघ के महासचिव संजय शर्मा, धनबाद जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष लक्ष्मीकान्त सिन्हा, सचिव सुमीर शर्मा, अमर बावरी, अश्विनी शर्मा और विजय विश्वकर्मा मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आयोजकों के अनुसार, ऐसे आयोजन बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना विकसित करने में मदद करते हैं। साथ ही खिलाड़ियों को आगे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है।
















