रांची: राज्य स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता का शुभारंभ रांची में किया गया। प्रतियोगिता में राज्य के सभी 24 जिलों से करीब 1700 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें एथलेटिक्स के 1100 और हॉकी के 600 खिलाड़ी शामिल हैं।
दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ उद्घाटन
उद्घाटन समारोह की शुरुआत राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की गई।
24 जिलों के खिलाड़ियों ने किया मार्च पास्ट
सभी जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने कांके स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की बैंड टीम की अगुवाई में मार्च पास्ट किया। खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का संकल्प लिया।
आयोजन के दौरान राष्ट्रीय खिलाड़ी अनित उरांव समेत अन्य अतिथियों की मौजूदगी रही। प्रतियोगिता के जरिए राज्य के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
















