कतरास: लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों के खिलाफ कतरास पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने दोनों के घरों पर इश्तेहार चिपकाने के साथ गवाहों की मौजूदगी में ढोल-नगाड़े बजाकर सार्वजनिक उद्घोषणा कर उन्हें न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने की सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, कतरास थाना कांड संख्या 35/24 और संबंधित SC/ST-07/25 मामले में चरिडीह के काजी मोहल्ला निवासी पिंटू बॉस, पिता निमाई बॉस और मो. कुरबान खान, पिता मो. मजीद लंबे समय से फरार हैं।
कई धाराओं में दर्ज है मामला
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 341, 354, 504, 506, 307 और 34 के अलावा SC/ST एक्ट की धारा 3(i)(e), 3(i)(r) और 3(i)(s) के तहत मामला दर्ज है।
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने दोनों आरोपियों के आवास पर विधिवत इश्तेहार चिपकाया और सार्वजनिक रूप से न्यायालय में उपस्थित होने की सूचना दी।
उपस्थित नहीं होने पर होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि निर्धारित अवधि के भीतर यदि दोनों आरोपी न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं होते हैं, तो न्यायालय के आदेश के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
















