धनबाद : समाहरणालय में आज जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित 100 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जल जीवन मिशन की लंबित योजनाओं को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया गया। कार्यों में लापरवाही बरतने वाले संवेदकों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।
दुर्गापूजा को देखते हुए बलियापुर रोड, मनईटांड़ समेत शहर की प्रमुख सड़कों को पूरी तरह मोटरेबल बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि पर्व के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
बैठक में जलजमाव की समस्या, झूलते बिजली तार, अतिक्रमण और अनधिकृत पार्किंग को लेकर भी चर्चा हुई। संबंधित विभागों को इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
जनप्रतिनिधियों ने सड़क, पेयजल, बिजली, यातायात, शिक्षा समेत विभिन्न जनसमस्याओं को बैठक में उठाया और उनके समाधान के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
बैठक के दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी तरीके से पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
















