गिरिडीह: पचंबा थाना के पीछे स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में चोरों ने 16 ट्रकों की बैटरियां चोरी कर लीं। घटना के बाद ट्रक चालकों में हड़कंप मच गया। चोरी हुई बैटरियों में से 11 झाड़ियों में बरामद की गई हैं।
जानकारी के अनुसार, त्योहार के कारण कई ट्रक चालक अपने वाहन परिसर में खड़े कर घर चले गए थे। इसी दौरान चोरी की घटना हुई। रात में ड्यूटी पर तैनात दरवान ने ट्रकों के पास एक संदिग्ध को देखकर शोर मचाया। इसके बाद संदिग्ध मौके से फरार हो गए और एक मोबाइल फोन घटनास्थल पर छूट गया।
दरवान ने मोबाइल फोन पचंबा पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मोबाइल के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। एक ही परिसर में इतनी बड़ी संख्या में बैटरियां चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
















