कनकनी नीचला धौड़ा की घटना, देर रात लाठी-डंडे से हमला; पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
लोयाबाद : धनबाद जिले के लोयाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत कनकनी नीचला धौड़ा में घर में घुसकर मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 15 अप्रैल की देर रात की बताई जा रही है, जिसमें महिला समेत कई लोग घायल हो गए।
पीड़िता मंजू देवी ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि रात करीब 11 बजे पप्पू चौधरी, नसीब चौधरी, ओम प्रकाश चौधरी, रोहित कुमार और रोशन कुमार सहित कुछ लोग जबरन उनके घर में घुस आए और लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
परिवार पर बेरहमी से हमला
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने उनके पति दिनेश पासी के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आई बेटी के साथ छेड़खानी की गई, जबकि गर्भवती बहू को भी नहीं बख्शा गया। हमले में कई लोगों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
जान से मारने की धमकी
पीड़िता का आरोप है कि घटना के दौरान आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
लोयाबाद पुलिस ने इस मामले में कांड संख्या 8/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
ये भी पढ़ें:-झारखंड हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: अब जंगलों से 500 मीटर दूर ही होगा खनन, 250 मीटर नियम रद्द
Follow the JP BHARAT LIVE channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029Vb7gTYlLtOj4hdQofo0E
















