कतरास : तेतुलमारी कोलियरी में कार्यरत 57 वर्षीय कोलकर्मी राम दुलारे जयसवारा की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत के बाद परिजनों ने मुआवजा और नियोजन की मांग को लेकर शव को तेतुलमारी कोलियरी परिसर में रखकर अपनी मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार, राम दुलारे जयसवारा तेतुलमारी कोलियरी के पीएसटी में अंडरग्राउंड (यूजी) फैन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने 28 अक्टूबर को भी अपनी ड्यूटी की थी। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। उन्हें इलाज के लिए सीएचडी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
कर्मी की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन शव लेकर तेतुलमारी कोलियरी पहुंचे और आश्रित को नियोजन देने तथा मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की। इसके बाद कोलियरी प्रबंधन ने नियमानुसार नियोजन की प्रक्रिया शुरू की।
प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता के बाद मृतक के आश्रित पुत्र अर्शदीप प्रताप को नियोजन पत्र सौंपा गया। इस दौरान प्रबंधन की ओर से एपीएम जगदीश कर्मकार एवं तारा सिंह मौजूद रहे। वहीं यूनियन की ओर से गोपाल सिंह, मो. मुस्तकीम, मो. आजाद सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।
नियोजन पत्र मिलने के बाद मामले में सहमति बनी। इस तरह वार्ता के बाद परिजनों की नियोजन संबंधी मांग पर प्रबंधन ने प्रक्रिया पूरी की।
















