झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग मंगलवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। ऊपर कुल्ही के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 28 वर्षीय जहांगीर को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया। इस दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई और झरिया पुलिस के गश्ती दल के दो वाहनों को भी निशाना बनाया गया।
जानकारी के अनुसार, धनसार की ओर से आ रहा ट्रक (HR 58B 7375) कतरास मोड़ की ओर जा रही बाइक (JH 10 DC 5595) को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना ऊपर कुल्ही स्थित सिकंदर पटाखा दुकान के समीप हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार जहांगीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद भाग रहा ट्रक गुमटी में घुसा–
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन इंदिरा चौक के समीप ट्रक अनियंत्रित होकर रामजी पंडित की गुमटी में जा घुसा। टक्कर से गुमटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, गनीमत रही कि रामजी कुछ देर पहले ही दुकान बंद कर घर जा चुके थे। इससे एक और बड़ा हादसा टल गया।
युवक की मौत पर भड़की भीड़, पुलिस वाहनों पर पथराव–
जहांगीर की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। लोगों ने झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। देखते ही देखते प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। आक्रोशित भीड़ ने कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए। मौके पर पहुंचे झरिया पुलिस के गश्ती दल के दो वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। हालात बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों को अपने वाहन लेकर घटनास्थल से हटना पड़ा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिंदरी एसडीपीओ के साथ कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारी मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और हादसे के जिम्मेदार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
पत्नी और छोटे बच्चे को छोड़ गया जहांगीर–
मृतक की पहचान बालू बंकर निवासी मोहम्मद जाकिर के पुत्र जहांगीर के रूप में हुई है। वह झरिया मेन रोड में डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता था। परिवार में पत्नी और एक छोटा बच्चा है। बताया जाता है कि हादसे के वक्त उसकी पत्नी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने पश्चिम बंगाल स्थित अपने मायके गई हुई थी। जहांगीर ने रात तक घर लौटने की बात कही थी, लेकिन उसे क्या पता था कि यह उसका आखिरी सफर साबित होगा।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। एक तरफ जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, तो दूसरी तरफ पत्नी और मासूम बच्चे के सिर से सहारा छिन गया।
फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
















