पंजाब: धनतेरस के दिन अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस (12508) में शुक्रवार को पंजाब के सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के पास आग लग गई। आग की चपेट में ट्रेन के चार जनरल कोच आए, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन में करीब 1,500 यात्री सवार थे। प्रभावित कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी की मौत की सूचना नहीं है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दो विशेष ट्रेनों की व्यवस्था भी की गई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
















