धनबाद: रेलवे टिकटों की अवैध बिक्री के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने कार्रवाई करते हुए मुंबई निवासी एक कथित टिकट दलाल को गिरफ्तार किया है। ‘ऑपरेशन उपलब्ध’ के तहत CIB धनबाद और RPF गोमो की संयुक्त टीम ने गिरिडीह जिले के मधुबन स्थित एक धर्मशाला में छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर को गुप्त सूचना मिलने पर टीम ने मधुबन थाना पुलिस के सहयोग से सिद्धायतन चैरिटेबल स्पिरिचुअल होम के कमरा नंबर 226 में तलाशी ली। इस दौरान ₹1,74,630 मूल्य के 31 भविष्य के रेलवे काउंटर टिकट बरामद किए गए। इन टिकटों पर कुल 117 यात्रियों का आरक्षण था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुंबई निवासी 33 वर्षीय भाविक जसवंत राय सूचक के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने कथित तौर पर यात्रियों से प्रति टिकट 2 से 3 हजार रुपये अतिरिक्त लेकर टिकट बेचने की बात स्वीकार की।
कार्रवाई के दौरान 31 टिकटों के अलावा दो मोबाइल फोन और ₹6,900 नकद भी जब्त किए गए। आरोपी के खिलाफ RPF पोस्ट गोमो में रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच एजेंसी इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
















