हजारीबाग: मेयर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 में धनबाद नगर निगम की टीम ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हजारीबाग के संजय सिंह स्टेडियम में आयोजित इस डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में धनबाद के महापौर संजीव सिंह भी पहुंचे और खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।
सात नगर निगमों की टीमों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने खेल भावना और टीम वर्क का परिचय दिया। महापौर संजीव सिंह ने धनबाद की टीम के खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने और जीत हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
खेल से युवाओं में बढ़ता है आत्मविश्वास : संजीव सिंह
इस दौरान महापौर संजीव सिंह ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास को मजबूत करने का बेहतर माध्यम है। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और दूसरे शहरों के खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे समर्पण और खेल भावना के साथ मैदान में उतरने की अपील की।
सात नगर निगमों को मिला साझा मंच
हजारीबाग के महापौर अरविंद कुमार राणा की पहल पर आयोजित इस टूर्नामेंट का उद्देश्य विभिन्न नगर निगमों के खिलाड़ियों को एक मंच पर लाना और स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।
महापौर अरविंद कुमार राणा ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं से विभिन्न शहरों के बीच आपसी भाईचारा और समन्वय मजबूत होता है। भविष्य में भी युवाओं को खेल से जोड़ने के लिए इस तरह के आयोजन किए जाते रहेंगे।
धनबाद के महापौर संजीव सिंह ने आयोजन के लिए हजारीबाग के महापौर अरविंद कुमार राणा और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं और शहरों में खेल संस्कृति को मजबूत करती हैं।
















