गोबिंदपुर/धनबाद : गोबिंदपुर अंचल अंतर्गत खड़काबाद मौजा में लगभग 30 एकड़ रैयती जमीन पर बने बाउंड्रीवाल को निरसा विधायक Arup Chatterjee द्वारा तोड़वाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित रैयत त्रिलोचन सिंह ने विधायक पर गुंडागर्दी और दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि विधायक उनकी जमीन को सरकारी जमीन बताकर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। त्रिलोचन सिंह ने बताया कि मुगमा क्षेत्र के कापासड़ा मौजा स्थित उनकी अन्य जमीन पर भी विधायक की नजर थी। वहां सफलता नहीं मिलने पर अब खड़काबाद मौजा की जमीन पर कार्रवाई की गई।
वहीं जमीन एग्रीमेंटर संतोष विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि विधायक से कई बार बाउंड्रीवाल नहीं तोड़ने का आग्रह किया गया, लेकिन उन्होंने किसी की नहीं सुनी। उन्होंने दावा किया कि विधायक ने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर बाउंड्रीवाल तोड़ने का निर्देश दिया।
घटना के दौरान बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष मौके पर मौजूद रहे। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। हालांकि विधायक पक्ष की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
















