धनबाद : धनबाद के उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बुधवार को पूर्वी टुंडी प्रखंड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक लापरवाही और विकास योजनाओं में कई अनियमितताएं सामने आईं, जिससे अधिकारियों और कर्मियों में हड़कंप मच गया।
प्रखंड मुख्यालय परिसर में लगे पेवर ब्लॉक के बीच झाड़ियां उगी मिलीं, जबकि लटानी पंचायत सचिवालय में बना ज्ञान केंद्र केवल शोपीस बनकर रह गया है। निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन उपस्थिति की जांच में कई कर्मी बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए। इस पर डीडीसी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान रंजीतपुर गांव में जलमीनार तो मिली, लेकिन उसमें पानी की आपूर्ति नहीं हो रही थी। वहीं एक चापाकल के पास पानी जमा होने से बदबू फैल रही थी, जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। डीडीसी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे घरों का भी भौतिक सत्यापन किया गया। डीडीसी ने लाभुकों से सीधे बातचीत कर निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी हाल में निर्माण कार्य में देरी न हो।
वहीं बड़बाद से बारकेतनी तक बन रही सड़क के निरीक्षण के दौरान ग्रामीण उग्र हो गए। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और घटिया गुणवत्ता का आरोप लगाते हुए डीडीसी का घेराव किया। हालांकि ग्रामीणों का कहना था कि उन्हें प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला, जिससे उनमें नाराजगी बनी हुई है।
निरीक्षण के दौरान जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) से बन रहे तालाबों का भी जायजा लिया गया। डीडीसी ने तालाबों में बेहतर सीढ़ी घाट निर्माण कराने और गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया।














