कतरास : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की कतरास कॉलेज इकाई द्वारा झारखंड सरकार के प्रस्तावित क्लस्टर सिस्टम के विरोध में मंगलवार को जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। कॉलेज अध्यक्ष सीमा कुमारी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुधीर सोनू का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और क्लस्टर सिस्टम को छात्र हितों के खिलाफ बताया। परिषद कार्यकर्ताओं का कहना था कि इस व्यवस्था के लागू होने से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होगी। साथ ही छात्राओं को लंबी दूरी तय करने और सुरक्षा जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
“मूलभूत सुविधाएं तक नहीं, फिर कैसे सफल होगा क्लस्टर सिस्टम”
कार्यक्रम में मौजूद अभाविप झारखंड के प्रादेशिक विश्वविद्यालय सह संयोजक शुभम हजारी ने कहा कि राज्य सरकार अब तक CBCS और नई शिक्षा नीति (NEP) को सही तरीके से लागू नहीं कर पाई है। ऐसे में क्लस्टर सिस्टम को सफल बनाना संभव नहीं दिखता।
उन्होंने कहा कि बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) के कई कॉलेजों में आज भी हॉस्टल, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। ऐसे में छात्रों पर अतिरिक्त बोझ डालना उचित नहीं है।
24 घंटे में फैसला वापस लेने की चेतावनी
अभाविप नेताओं ने सरकार को 24 घंटे के भीतर क्लस्टर सिस्टम वापस लेने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने फैसला नहीं बदला तो विद्यार्थी परिषद पूरे झारखंड में उग्र आंदोलन करेगी।
परिषद कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि छात्र हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और शिक्षा बचाने की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
















