टुंडी : झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मैया सम्मान योजना को पारदर्शी और प्रभावी तरीके से लागू करने के उद्देश्य से टुंडी प्रखंड के कटनिया पंचायत सचिवालय में विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का नेतृत्व पंचायत मुखिया मनसू रजक द्वारा किया गया, जहां योजना के लाभुकों का भौतिक सत्यापन किया गया।
सुबह से ही पंचायत सचिवालय परिसर में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लंबी कतारों के बीच सत्यापन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने में कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
महिलाओं ने सुनाई अपनी परेशानी
कैंप में पहुंची महिलाओं ने बताया कि योजना शुरू होने के बाद से वे लाभ मिलने की उम्मीद लगाए बैठी हैं, लेकिन कई लाभुकों के बैंक खातों में अब तक राशि ट्रांसफर नहीं हो पाई है।
महिलाओं ने कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत है। इससे बच्चों की पढ़ाई और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है। लाभुक अपने जरूरी दस्तावेजों के साथ कैंप में पहुंचे ताकि सत्यापन प्रक्रिया पूरी हो सके और जल्द से जल्द योजना का लाभ मिलना शुरू हो।
प्रशासन से जल्द प्रक्रिया पूरी करने की मांग
महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि जांच और सत्यापन की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि पात्र लाभुकों को बिना देरी योजना की सहायता राशि मिल सके।
कैंप के दौरान पंचायत कर्मी एवं स्थानीय प्रतिनिधि व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे।














