देवघर : झारखंड के देवघर जिले में बढ़ते साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक राजा कुमार मित्रा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक खुद को Flipkart, Amazon, PhonePe और Airtel Payments Bank का कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। आरोपी पीएम किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर भी लोगों को झांसा देकर साइबर ठगी कर रहे थे।
सूचना के आधार पर साइबर थाना और पथरड्डा ओपी पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से 11 मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड और एक प्रतिबिंब सिम बरामद किया है।
कैशबैक और कार्ड बंद होने का झांसा देकर करते थे ठगी
जांच में पता चला कि आरोपी फर्जी Google Pay, PhonePe और Paytm कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक का लालच देते थे। इसके बाद फोनपे गिफ्ट कार्ड बनवाकर रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर लेते थे।
वहीं कुछ आरोपी खुद को Airtel Payments Bank अधिकारी बताकर एयरटेल थैंक्स ऐप के जरिए कार्ड बंद होने का डर दिखाते थे और उपभोक्ताओं से बैंकिंग जानकारी हासिल कर ठगी को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें
- बिशु दास
- मिथुन दास
- चंदन दास
- कैलाश दास
- कुन्दन कुमार दास
- अजीत कुमार दास
शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इनमें से कुछ आरोपी पहले भी साइबर अपराध के मामलों में संलिप्त रह चुके हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे साइबर नेटवर्क और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।
















