धनबाद : जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन अब सख्त नजर आ रहा है। उपायुक्त के निर्देश पर रविवार से दो दिवसीय विशेष जांच अभियान की शुरुआत की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में “फूड सेफ्टी ऑन व्हील” के जरिए जिलेभर में स्ट्रीट फूड विक्रेताओं, मिठाई दुकानों, होटल और रेस्टोरेंट के खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है।
अभियान की शुरुआत धनबाद के सरायढेला मार्केट से की गई, जहां फूड सेफ्टी ऑन व्हील की टीम ने कई स्ट्रीट फूड दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। रांची से आई मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब में मौजूद फूड एनालिस्ट द्वारा मौके पर ही सैंपलों की जांच की गई। जांच के दौरान कई खाद्य पदार्थों में खामियां मिलने पर उन्हें तुरंत नष्ट करवाया गया और संबंधित दुकानदारों को चेतावनी दी गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार ने बताया कि हाल के दिनों में झारखंड में स्ट्रीट फूड खाने से कई लोगों और बच्चों के बीमार पड़ने की घटनाओं को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को चेतावनी देकर छोड़ा जा रहा है, लेकिन दोबारा गड़बड़ी मिलने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं होटल और रेस्टोरेंट में जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर ऑन द स्पॉट कार्रवाई करने की बात भी अधिकारियों ने कही। मौके पर मौजूद ग्राहकों और दुकानदारों ने भी इस अभियान का स्वागत किया। लोगों का कहना है कि जांच सिर्फ छोटे स्ट्रीट फूड विक्रेताओं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि बड़े होटल और रेस्टोरेंट में भी नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाना चाहिए।
फिलहाल जिला प्रशासन का यह विशेष अभियान अगले दो दिनों तक जारी रहेगा। जिलेभर के खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
















