गिरिडीह : जिले में अपहरण और फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए अपहृत युवक तसलीम अंसारी को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 24 मई 2026 की शाम गाण्डेय थाना क्षेत्र के पाण्डेयडीह निवासी इकबाल अंसारी ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके चचेरे भाई तसलीम अंसारी का खंडोली के पास से मोटरसाइकिल समेत अपहरण कर लिया गया है। अपहरणकर्ताओं ने फोन कर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी और क्यूआर कोड के जरिए 24 हजार रुपये ट्रांसफर भी करवाए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और सूचना के आधार पर पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चीना मोड़ चुंजका जंगल से तसलीम अंसारी को सकुशल बरामद कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मो. सोहेल, आदिल अंसारी, मो. समीर अंसारी, अफरीदी शाह और इरशाद अंसारी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने राजा और जाफर उर्फ लल्लुआ की संलिप्तता भी स्वीकार की है, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से अपहृत युवक की मोटरसाइकिल, दो अन्य बाइक और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में कुछ का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
इस कार्रवाई में जिले के कई थाना प्रभारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल रहे।














