धनबाद : जिले की ट्रैफिक व्यवस्था को और अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने को लेकर धनबाद पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर सोमवार को ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव ने अपने कार्यालय में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में ट्रैफिक थाना प्रभारी जय प्रकाश समेत ट्रैफिक विभाग के पुलिस पदाधिकारी, जवान और संबंधित कर्मी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिले में बढ़ते यातायात दबाव, सड़क जाम, सड़क सुरक्षा, अवैध पार्किंग और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। ट्रैफिक डीएसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी इलाके में अनावश्यक जाम की स्थिति नहीं बननी चाहिए। इसके लिए प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और व्यस्त सड़कों पर लगातार निगरानी रखी जाए।
उन्होंने कहा कि आम जनता की सुविधा और सड़क सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है तथा ट्रैफिक व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों और जवानों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सड़क सुरक्षा अभियान को और तेज करने पर भी जोर दिया गया। बाइक चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लागू करने का निर्देश दिया गया। बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा वाहन जांच अभियान के दौरान सभी गाड़ियों के जरूरी दस्तावेजों की जांच करने तथा बिना वैध कागजात वाले वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। काला शीशा, प्रेशर हॉर्न, गलत दिशा में वाहन चलाने और नशे में ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की बात कही गई।
ट्रैफिक डीएसपी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। इसके लिए पुलिस की पाठशाला के माध्यम से स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर ट्रैफिक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में गोविंदपुर क्षेत्र के निर्माणाधीन फ्लाईओवर को लेकर भी चर्चा हुई। डीएसपी ने कहा कि फ्लाईओवर निर्माण के कारण वहां अक्सर जाम की समस्या उत्पन्न होती है। इसको लेकर संबंधित अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग करने और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया।
सड़क किनारे अवैध पार्किंग और अतिक्रमण हटाने के लिए भी विशेष अभियान चलाने की बात कही गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सड़क पर अवैध रूप से खड़ी गाड़ियों के खिलाफ नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान ट्रैफिक पुलिस जवानों को ड्यूटी के समय अनुशासन, सतर्कता और आम लोगों के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने का भी निर्देश दिया गया।
















