झरिया : झरिया के 10 नंबर धौड़ा, कतरास मोड़ स्थित आयोजित 09 कुंडीय राष्ट्रीय शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ एवं श्रीमद् पावन प्रज्ञा पुराण कथा में झरिया विधायक रागिनी सिंह शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक वातावरण से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर आयोजन समिति एवं स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा विधायक रागिनी सिंह का गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। श्रद्धालुओं ने उनके साथ संवाद कर कार्यक्रम की सराहना की।
विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, संस्कार और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों को आपसी भाईचारे और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ते हैं।
उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धार्मिक कार्यक्रम समाज में शांति और सद्भाव का संदेश फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
















