धनबाद : स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 7 अक्टूबर को DAV मुनिडीह और DM पब्लिक स्कूल, पुटकी में स्कूली वाहनों की जांच की गई। यह अभियान उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी की अध्यक्षता में चलाया गया।
मोटरयान निरीक्षक अभय कुमार और शुभम कुमार ने दोनों स्कूलों में छोटी-बड़ी स्कूली गाड़ियों के दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान 18 वाहनों के कागजात में कमी पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत करीब एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जांच टीम ने वाहन मालिकों और चालकों को सभी जरूरी दस्तावेज दुरुस्त रखने की हिदायत दी। साथ ही स्कूली वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक सुनील कुमार, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अमरेश कुमार, आईटी सहायक देवेंद्र कुमार, मुकुल कुमार समेत स्कूल के शिक्षक मौजूद रहे।
परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर इस तरह की जांच एवं जागरूकता अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
















