निरसा : निरसा थाना क्षेत्र के खुसरी गांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रभा देवी के रूप में हुई है, जो सुबल पोद्दार की पत्नी थीं। बताया जा रहा है कि घर के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, प्रभा देवी दोपहर करीब एक बजे अपने घर की छत पर कपड़े सुखाने गई थीं। इसी दौरान वह घर के बेहद करीब से गुजर रहे हाई वोल्टेज बिजली तार के संपर्क में आ गईं। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं और घटनास्थल पर ही गिर पड़ीं।
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए निरसा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पति सुबल पोद्दार ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घर से सटकर गुजर रहे 11 हजार वोल्ट तार को हटाने के लिए कई बार विभाग से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि विभाग की अनदेखी के कारण आज उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही अरूप चटर्जी मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। उनके निर्देश पर शव को पोस्टमार्टम के लिए SNMMCH धनबाद भेजा गया। वहीं निरसा पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
















