, ,

सिंदरी में फटी मुख्य पाइपलाइन, जल संकट से जूझ रहे लोग; आज देर शाम तक सप्लाई बहाल होने की उम्मीद

JP Bharat Shareसिंदरी | धनबाद सिंदरी टाउन में मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण उत्पन्न हुए गंभीर जल संकट को दूर करने के लिए प्रशासन और तकनीकी टीमें युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि यदि कार्य निर्धारित समय पर पूरा हो गया तो आज देर…

JP Bharat Share

सिंदरी | धनबाद

सिंदरी टाउन में मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण उत्पन्न हुए गंभीर जल संकट को दूर करने के लिए प्रशासन और तकनीकी टीमें युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि यदि कार्य निर्धारित समय पर पूरा हो गया तो आज देर शाम तक शहर में पानी की आपूर्ति सामान्य हो सकती है।

जानकारी के अनुसार, एसीसी के समीप जमाड़ोबा बस्ती के पीछे रेलवे लाइन किनारे चल रही खुदाई के दौरान यह घटना हुई। पोकलेन मशीन से खुदाई करते समय उसका बकेट सिंदरी टाउन को पानी आपूर्ति करने वाली मुख्य पाइपलाइन से टकरा गया, जिससे पाइप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पाइपलाइन जमीन से लगभग 10 से 12 फीट नीचे स्थित थी, लेकिन क्षति इतनी गंभीर थी कि भारी मात्रा में पानी बहने लगा और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। इसके बाद पूरे सिंदरी टाउन की जलापूर्ति बाधित हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही एफसीआईएल के संपदा अधिकारी देवदास अधिकारी, HURL के वरिष्ठ अधिकारी तथा सिंदरी चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष दीपक कुमार दीपू मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जल संकट की गंभीरता को देखते हुए रातभर मरम्मत कार्य जारी रखा गया।

पाइपलाइन तक पहुंचने के लिए उसके ऊपर जमी मिट्टी हटाने और गड्ढे में भरे पानी को बाहर निकालने का काम लगातार किया जा रहा है। इसके लिए पावरमेक कंपनी द्वारा दो पोकलेन मशीनें और दो हाई कैपेसिटी पंप लगाए गए हैं। तकनीकी टीमों ने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की पहचान कर मरम्मत कार्य तेज कर दिया है।

अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य पाइपलाइन की लोकेशन स्पष्ट हो चुकी है और डैमेज हिस्से को दुरुस्त करने का कार्य अंतिम चरण में है। मरम्मत पूरी होने के बाद जलाशयों और टंकियों को भरने में भी कुछ समय लगेगा, जिसके बाद शहर में जलापूर्ति बहाल की जाएगी।

इधर, पानी की सप्लाई ठप होने से सिंदरी के विभिन्न इलाकों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही कई मोहल्लों में लोग बाल्टी और बर्तन लेकर चापाकलों और वैकल्पिक जलस्रोतों के पास कतार में खड़े नजर आए। गर्मी के मौसम में अचानक जलापूर्ति बाधित होने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।

प्रशासन ने नागरिकों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि जल्द से जल्द मरम्मत कार्य पूरा कर पानी की आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports