धनबाद: धनबाद पुलिस को आधुनिक, तकनीकी और जनोन्मुख पुलिसिंग के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत पुलिस केंद्र धनबाद में आयोजित तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर के प्रथम चरण का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रशिक्षण शिविर का आयोजन वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के नेतृत्व में किया गया।
कार्यशाला के प्रथम चरण के अंतिम दिन जिले के विभिन्न थाना और ओपी में पदस्थापित 92 पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस पदाधिकारियों को बदलते अपराध स्वरूप, नई तकनीकों और आधुनिक पुलिसिंग की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव तथा ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब भी मौजूद रहे। कार्यशाला के दौरान पुलिस अवर निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को कानून-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, तकनीकी पुलिसिंग, जनसंपर्क और पेशेवर कार्यशैली से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
अपने संबोधन में एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि किसी भी आपराधिक मामले में गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान पुलिस की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों में साक्ष्य आधारित जांच सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर चार्जशीट न्यायालय में समर्पित की जाए। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के नियमित अध्ययन और अद्यतन कानूनी जानकारी रखने पर भी विशेष बल दिया।
एसएसपी ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग केवल अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों के साथ बेहतर संवाद, संवेदनशील व्यवहार और त्वरित समस्या समाधान भी इसकी अहम कड़ी है। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग करने, असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने तथा स्थानीय सूचना तंत्र को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उसकी समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशील समाधान सुनिश्चित किया जाए। इससे पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास और सहयोग का रिश्ता और मजबूत होगा।
कार्यशाला के दौरान सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने भी प्रभावी अनुसंधान, कानून-व्यवस्था प्रबंधन तथा पेशेवर कार्यशैली को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
धनबाद पुलिस द्वारा आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण शिविर को दो चरणों में संचालित किया जा रहा है। प्रथम चरण में तीन दिनों के दौरान 329 अवर पुलिस निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया, जबकि दूसरे चरण में 561 सहायक अवर निरीक्षकों (एएसआई) को प्रशिक्षित किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस पदाधिकारियों की कार्यक्षमता बढ़ाना, अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार लाना तथा आम नागरिकों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुख पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है।
















