धनबाद: झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को राज्य के सभी जिलों में कहीं न कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही तेज हवाएं और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक धनबाद सहित पूरे राज्य में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में आंधी और बारिश का भी प्रभाव देखने को मिल सकता है। मौसम के इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
हालांकि विभाग का कहना है कि जिन क्षेत्रों में बारिश नहीं होगी, वहां तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। वहीं कोयलांचल क्षेत्र यानी धनबाद और आसपास के उत्तर-पूर्वी झारखंड के जिलों में अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय मौसमी प्रणाली के कारण राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। आने वाले दिनों में भी कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। वज्रपात की स्थिति में तुरंत किसी पक्के मकान या सुरक्षित स्थान पर शरण लें। किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
















