धनबाद: सहयोगी नगर सेक्टर-3 स्थित नवनिर्मित श्री श्री विश्वनाथ महादेव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 15, 16 और 17 जून को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति को उम्मीद है कि इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे।
मंदिर परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान आयोजन समिति के सदस्य उदय प्रताप सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 15 जून को सुबह 7 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा के बाद प्राण प्रतिष्ठा से संबंधित विशेष पूजा-अर्चना एवं वैदिक अनुष्ठानों की शुरुआत की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पहले दिन संध्याकाल में आरोही नाट्य मंच के कलाकारों द्वारा “शिव आत्म लिंगम” नाटक का मंचन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
दूसरे दिन 16 जून को वेदी पूजन, अन्नाधिवास (अन्न दिवस) तथा देवी-देवताओं का नगर भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद शाम को कला निकेतन के कलाकारों द्वारा “कृष्ण लीला” और “महारथी कर्ण” नाटक की प्रस्तुति दी जाएगी।
महोत्सव के अंतिम दिन 17 जून को मुख्य अनुष्ठान आयोजित होगा। इस दिन वेदी पूजन के साथ मंदिर में स्थापित सभी देवी-देवताओं की मूर्तियों की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। साथ ही महायज्ञ की पूर्णाहुति भी संपन्न होगी।
प्राण प्रतिष्ठा समारोह के समापन पर विशाल महाप्रसाद (भंडारा) का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम के अंत में कलाकारों को सम्मानित करने के लिए विशेष सम्मान समारोह तथा भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने में मृत्युंजय तिवारी, केशव नायक, राजेश कुमार, निशांत कुमार, कुणाल पाल यादव, एस.एस.पी. सिन्हा, पंकज कुमार सिंह, अंशु कुमार, पी.आर. महाली, पवन यादव, दीपक कुमार, हर्ष राज, हरी सिंह और उदय प्रताप सिंह सहित समिति के सभी सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
















