,

धनबाद रेल मंडल में 18 घंटे के भीतर दूसरी घटना, चंद्रपुरा स्टेशन पर कोयला लदी मालगाड़ी के चार वैगनों में लगी आग

JP Bharat Shareचंद्रपुरा: धनबाद रेल मंडल में कोयला लदी मालगाड़ियों में आग लगने की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनती जा रही हैं। बीते 18 घंटे के भीतर ऐसी दूसरी घटना सामने आई है। गुरुवार को चंद्रपुरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या तीन पर खड़ी एक कोयला लदी मालगाड़ी के चार वैगनों में आग लग…

JP Bharat Share

चंद्रपुरा: धनबाद रेल मंडल में कोयला लदी मालगाड़ियों में आग लगने की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनती जा रही हैं। बीते 18 घंटे के भीतर ऐसी दूसरी घटना सामने आई है। गुरुवार को चंद्रपुरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या तीन पर खड़ी एक कोयला लदी मालगाड़ी के चार वैगनों में आग लग गई। इससे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब चार बजे रेलकर्मियों ने प्लेटफार्म पर खड़ी मालगाड़ी के कुछ वैगनों से धुआं निकलते देखा। जांच के दौरान पता चला कि मालगाड़ी के चार वैगनों में आग लग चुकी है। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना रेलवे के वरीय अधिकारियों को दी गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेल प्रशासन ने डीवीसी चंद्रपुरा थर्मल से दमकल सहायता मांगी। सूचना मिलते ही दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात आठ बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

बताया जाता है कि कोयला लदी यह मालगाड़ी शिवपुर से गोड्डा जा रही थी। मालगाड़ी अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ रही थी और चंद्रपुरा पहुंचने से पहले तक विभिन्न स्टेशनों पर उसे सामान्य रूप से ग्रीन सिग्नल दिया जाता रहा। चंद्रपुरा स्टेशन पहुंचने के बाद ही वैगनों से धुआं निकलने की जानकारी सामने आई।

गौरतलब है कि इससे करीब 18 घंटे पहले बुधवार रात लगभग 10 बजे बोकारो थर्मल क्षेत्र में भी कोयला लदी मालगाड़ी में आग लगने की घटना हुई थी। लगातार दो घटनाओं ने रेलवे प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कोयले में स्वतः सुलगने की वजह से आग लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports