कतरास: धनबाद के कतरास क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना 8 लेन सड़क पर De Nobili School के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बाइक Bajaj Pulsar है। वाहन नंबर के आधार पर मृतक की पहचान करने और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने 8 लेन सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताई और सड़क सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने की मांग की।
















