आसनसोल, 23 जुलाई: आसनसोल नगर निगम के कुल्टी बोरो कार्यालय स्थित जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण विभाग में गुरुवार को पुलिस की जांच टीम ने अचानक पहुंचकर दस्तावेजों की जांच की। इस कार्रवाई के दौरान विभाग में रखे रजिस्टरों, अभिलेखों और प्रमाणपत्रों से संबंधित रिकॉर्ड का सत्यापन किया गया तथा कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी भी ली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया से संबंधित मिली शिकायतों के आधार पर यह जांच की जा रही है। पुलिस टीम ने उपलब्ध दस्तावेजों की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की। हालांकि, जांच किस विशेष शिकायत के आधार पर शुरू की गई है, इसे लेकर अभी तक प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
अचानक हुई इस कार्रवाई से कुल्टी बोरो कार्यालय में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल रहा। वहीं स्थानीय लोगों के बीच भी इस जांच को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया में कहीं किसी प्रकार की अनियमितता, फर्जीवाड़ा या दस्तावेजों में हेरफेर तो नहीं हुई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों एवं उपलब्ध साक्ष्यों की जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।
















