धनबाद: बरमसिया स्थित प्रसिद्ध शनि मंदिर में शनिवार को युवा संघर्ष मोर्चा की ओर से जरूरतमंदों के लिए भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। हर शनिवार की तरह इस सप्ताह भी बड़ी संख्या में गरीब, मजदूर और श्रद्धालुओं को निशुल्क भोजन कराया गया। कार्यक्रम में धनबाद विधायक राज सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और स्वयं लोगों को भोजन परोसकर सेवा कार्य में सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर विधायक राज सिन्हा ने कहा कि भूखे को भोजन कराना सबसे बड़ा मानव धर्म और पुण्य का कार्य है। उन्होंने युवा संघर्ष मोर्चा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को ऐसे सेवा कार्यों से जुड़कर जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए।
युवा संघर्ष मोर्चा पिछले कई महीनों से प्रत्येक शनिवार को बरमसिया शनि मंदिर परिसर में नियमित रूप से भोजन वितरण का अभियान चला रहा है। इस बार भी सैकड़ों जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं को चावल, दाल, सब्जी और रोटी का भोजन कराया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में युवा संघर्ष मोर्चा के संयोजक दिलीप सिंह, दिवाकर सिंह, उमेश सिंह, अजीत शर्मा, गुड्डा सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी ने भोजन तैयार करने से लेकर वितरण तक की व्यवस्था संभाली।
संयोजक दिलीप सिंह ने बताया कि “समाज में कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे” इसी उद्देश्य के साथ यह सेवा अभियान लगातार चलाया जा रहा है और आने वाले समय में भी इसे निरंतर जारी रखा जाएगा।
भोजन वितरण कार्यक्रम की स्थानीय लोगों और मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने सराहना करते हुए इसे समाज सेवा की प्रेरणादायी पहल बताया।
















